मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्त, कलेक्टर, स्वास्थ्य अधिकारियों आदि को निर्देश दिए कि कोरोना वायरस का पूर्ण परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा से सामना करें। समस्या बड़ी है, पर हमें इससे जूझकर, इसे हराना है। दवा कड़वी है पर, स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है। लॉकडाउन का पूरा पालन कराना है। साथ ही जनता का पूरा ध्यान रखना है। उन्होंने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलेवार व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सर्वप्रथम उन्होंने इंदौर ज़िले की समीक्षा की। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल और नर्मदापुरम् संभाग के कमिश्नर्स से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही जिलावार चर्चा भी की। उन्होंने विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों की स्थिति जानी और अन्य राज्यों से श्रमिकों के आने की स्थिति में उनके रहने और भोजन के प्रबंध के बारे में जानकारी प्राप्त की। श्री चौहान ने कहा कि विभिन्न जिलों से होकर अपने घरों को जा रहे पदयात्रियों को भी संबंधित जिला प्रशासन आवश्यक परिवहन व्यवस्था, भोजन तथा रहने की व्यवस्था प्रदान करे।